Allu Arjun: टॉलीवु़ड के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) उर्फ पुष्पा को अपने फैंस से बेशुमार प्यार मिलता है। जब भी वह कहीं बाहर निकलते हैं तो उनके फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए बड़े ही बेताब नजर आते हैं। लेकिन इस बार फैंस का ये प्यार ही पुष्पा पर भारी पड़ गया है, और शायद अब उन्हें कानून के आगे झुकना भी पड़ सकता है। दरअसल शनिवार को प्रचार प्रसार पर रोक होने के बावजूद पुष्पा ने रैली में शामिल होकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया, जिसके बाद आंध्र प्रदेश पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला जिसको लेकर फंसे Allu Arjun
दरअसल शनिवार यानी 11 मई को विधायक रेड्डी ने अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) को नंद्याला स्थित अपने निवास पर आमंत्रित किया और जैसे ही अल्लू अर्जुन विधायक के घर पहुंचे वहां पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में पहुंचे फैंस उनकी एक झलक पाने की कोशिश कर रहे थे। तभी पुष्पा स्टार ने बालकनी से अपने फैंस का हाथ हिलाकर अभिवादन भी किया लेकिन शनिवार को किसी भी तरह के प्रचार प्रसार पर रोक लग चुकी थी। ऐसे में अर्जुन ने इस संबंध में निर्वाचन अधिकारी को भी सूचित नहीं किया था जिस कारण उनपर मामला दर्ज कर लिया गया।
पुष्पा स्टार बोले दोस्तों की मदद जरूर करूंगा
हजारों फैंस के बीच विधायक रेड्डी से उनके आवास पर मुलाकात करने के बाद, पुष्पा स्टार ने साफ किया कि वह अपने मित्र की मदद करने के लिए नंद्याला गए थे, हालांकि इस दौरान उन्होंने यह भी कहा की वह किसी भी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करते हैं।
अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) ने कहा, “मैं यहां अपनी मर्जी से आया हूं। मेरे दोस्तों में से, चाहे वे किसी भी क्षेत्र में हों, अगर उन्हें मेरी मदद की जरूरत होगी तो मैं आगे आकर उनकी मदद करूंगा। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं किसी राजनीतिक पार्टी का समर्थन या मदद कर रहा हूं।”
सोशल मीडिया पर फैंस से घिरे दिखे अल्लू अर्जुन
पुष्पा- 2 के रिलीज होने से पहले अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) को दोस्त के समर्थन में उतरना भारी पड़ गया है। वहीं सोशल मीडिया पर उनके तमाम वीडियो और फोटोज सामने आए थे। जिसमें देखा गया कि उन्हें भीड़ ने घेर लिया था लेकिन, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद एक्टर को भीड़ से बचाते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं इस मामले को लेकर अभिनेता अल्लू अर्जुन और युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी के विधायक रवि चंद्र किशोर रेड्डी के खिलाफ भी नंदयाला में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।