
LokSabha Elections 2024 में NDA और INDIA गठबंधन की तरफ से कुशवाहा समाज के लोग चुनावी मैदान में उतारे गए हैं. 2019 लोकसभा चुनाव की तुलना में ये संख्या दोगुनी है. सवाल यह उठ रहा है कि नीतीश के करीबी माने जाने वाले कुशवाहा समुदाय को BJP-RJD और अन्य पार्टियां क्यों लुभाना चाहती है?
लोकसभा चुनाव 2024. बिहार के कुछ उम्मीदवारों के नाम पर गौर करते हैं. आलोक कुमार मेहता, राजाराम सिंह, संजय कुमार, अंशुल अभिजीत, उपेंद्र कुशवाहा… ऐसे 11 उम्मीदवार हैं जिनमें एक बात कॉमन हैं. ये सब कुशवाहा समाज से हैं और इन्हें NDA या INDIA गठबंधन ने चुनावी मैदान में उतारा है. पिछले लोकसभा चुनाव में ये संख्या 6 थी. अब सवाल उठता है कि 2019 और 2024 के चुनाव के बीच ऐसा क्या हुआ जो कुशवाहा उम्मीदवारों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई वो भी सिर्फ बड़े गठबंधन की. निर्दलीय और अन्य छोटे दलों को तो हमने गिना ही नहीं है.
INDIA गठबंधन ने कुल 7 कुशवाहा को टिकट दिया है. इनमें राजद ने 3, मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने 1, CPI (M) ने 1, CPIML ने 1 और कांग्रेस ने 1 कुशवाहा उम्मीदवार उतारा है. महागठबंधन की ओर से कुशवाहा उम्मीदवार
1 | अभय कुमार सिंह | राजद | औरंगाबाद |
2 | श्रवण कुमार कुशवाहा | राजद | नवादा |
3 | आलोक कुमार मेहता | राजद | उजियारपुर |
4 | राजेश कुशवाहा | VIP | मोतिहारी |
5 | संजय कुमार | CPIM | खगड़िया |
6 | राजाराम सिंह | CPIML | काराकाट |
7 | अंशुल अभिजीत | कांग्रेस | पटना साहिब |
कांग्रेस ने पटना साहिब से अंशुल अभिजीत को टिकट दिया है. वो लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार के बेटे हैं. मीरा कुमार बाबू जगजीवन राम की बेटी हैं. वो दलित समाज से आती हैं लेकिन मीरा कुमार के पति मंजुल कुमार, कुशवाहा हैं.
वहीं NDA ने 4 ऐसे कैंडिडेट को टिकट दिया है जो कुशवाहा समाज से आते हैं. इनमें नीतीश कुमार की जदयू ने 3 कुशवाहा उम्मीदवारों को टिकट दिया है. राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा काराकाट से खुद चुनाव लड़ रहे हैं.